रायपुर , जनवरी 19 -- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को कहा कि छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया में सहभागिता के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने इस संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट साझा करते हुए संगठन की मजबूती, स्पष्ट नेतृत्व और राष्ट्रसेवा के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि यह सहभागिता केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि संगठनात्मक एकता, अनुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति भारतीय जनता पार्टी की अटूट प्रतिबद्धता का सशक्त प्रतीक है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ भाजपा राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी की निर्णय प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए संगठित और तैयार है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी का मजबूत संगठनात्मक ढांचा और स्पष्ट नेतृत्व पार्टी को निरंतर जनसेवा और राष्ट्रहित में कार्य करने की दिशा में आगे बढ़ाता है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के योगदान की सराहना करते हुए इसे संगठन की सामूहिक शक्ति का परिणाम बताया।

यह बयान नयी दिल्ली स्थित भाजपा कार्यालय से जुड़े कार्यक्रम के संदर्भ में सामने आया है, जहां राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित