पटना , मई 04 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार सूर्य कुमार शर्मा उर्फ अरविंद शर्मा बिहार विधान परिषद के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।
श्री शर्मा इस उपचुनाव में नामांकन दाखिल करने वाले एकमात्र उम्मीदवार थे। श्री शर्मा के खिलाफ किस उम्मीदवार ने नामांकन नहीं किया और नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होने के बाद निर्वाचन पदाधिकारी ने औपचारिक रूप से उन्हें निर्वाचित घोषित कर दिया। श्री शर्मा को निर्वाचित होने का प्रमाण पत्र भी सौंपा दिया गया।
यह उपचुनाव भाजपा के वरिष्ठ नेता मंगल पांडेय के सिवान से विधायक निर्वाचित होने के बाद खाली हुई सीट के लिए हुआ था।
अरविंद शर्मा लंबे समय से बिहार में भाजपा के प्रदेश कार्यालय प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं। पार्टी के भीतर उन्हें समर्पित और मृदुभाषी रणनीतिकार माना जाता है, जो संगठनात्मक कार्यों के कुशल प्रबंधन और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बनाए रखने के लिए जाने जाते हैं।
इसके अलावा भोजपुर-बक्सर स्थानीय निकाय निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद का उपचुनाव 12 मई को होगा। जनता दल (यूनाइटेड) ने इस सीट से कन्हैया प्रसाद को उम्मीदवार बनाया है। यह सीट राधाचरण शाह के संदेश विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित होने के बाद खाली हुई थी।
इस सीट के लिए मतदान और मतगणना 12 मई को ही होगी।
इसके अतिरिक्त, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद उनके इस्तीफे से विधान परिषद की एक और सीट रिक्त हो गई है। श्री कुमार की सीट के अलावा 9 अन्य सीटें भी 28 जून को सदस्यों का कार्यकाल समाप्त होने के कारण रिक्त हो रही हैं।
28 जून को जिन सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, उनमें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) नेता भगवान सिंह कुशवाहा शामिल हैं। श्री चौधरी और कुशवाहा पिछले विधानसभा चुनाव में क्रमशः तारापुर और जगदीशपुर विधानसभा सीटों से विधायक निर्वाचित हुए थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित