जयपुर , अप्रैल 30 -- राजस्थान में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर पूर्व कांग्रेस सरकार के हेल्थ मॉडल को 'वेंटिलेटर' पर ला देने का आरोप लगाया है।

श्री गहलोत ने सोशल मीडिया के माध्यम से यह आरोप लगाया। उन्होंने कहा "भाजपा सरकार ने राजस्थान के गौरव बन चुके हमारे विश्वस्तरीय हेल्थ मॉडल को आज 'वेंटिलेटर' पर ला दिया है।" उन्होंने कहा कि यह बेहद शर्मनाक है कि भीषण गर्मी में मरीज घर से पंखे लाने को मजबूर हैं और राजस्थान सरकारी स्वास्थ्य योजना (आरजीएचएस) का 2200 करोड़ रुपए का बकाया भुगतान न होने से इलाज ठप पड़ा है।

उन्होंने कहा कि हजारों फार्मासिस्टों की सेवाएं समाप्त कर और करोड़ों के उपकरणों को कबाड़ बनाकर सरकार प्रदेश की जनता की सेहत के साथ जानलेवा खिलवाड़ कर रही है।

श्री गहलोत ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 'राइट टू हेल्थ' के जरिए जो गारंटी दी थी, भाजपा ने उसे कुप्रबंधन की भेंट चढ़ा दिया है। जनता यह अन्याय देख रही है और वक्त आने पर इसका कड़ा जवाब देगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित