रांची , मार्च 05 -- झारखंड प्रदेश कांग्रेस के मीडिया चेयरमैन सतीश पौल मुंजनी ने आज कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सीएम पद छोड़कर राज्यसभा जाने की चर्चा दरअसल भाजपा की एक सोची-समझी राजनीतिक रणनीति का हिस्सा है।

यह पूरी तरह से सत्ता हथियाने और अपने राजनीतिक हित साधने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने जिस विश्वास के साथ सरकार को जनादेश दिया था, आज उसी जनादेश को राजनीतिक प्रयोगशाला बना दिया गया है। भाजपा पर्दे के पीछे से पूरी राजनीति को नियंत्रित कर रही है और लोकतंत्र की मर्यादाओं को कमजोर कर रही है।

श्री मुंजनी ने कहा कि भाजपा की राजनीति हमेशा से जोड़-तोड़, सत्ता के लिए समझौते और जनभावनाओं को नजरअंदाज करने की रही है। मुख्यमंत्री के पद को भी अब राजनीतिक सौदेबाजी का माध्यम बना दिया गया है, जो लोकतंत्र के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भाजपा को यह समझ लेना चाहिए कि बिहार की जागरूक जनता सब देख रही है। सत्ता की कुर्सी के लिए किए जा रहे इस तरह के राजनीतिक प्रयोग का जवाब जनता आने वाले समय में जरूर देगी।

श्री मुंजनी ने कहा कि देश और राज्य की राजनीति को स्थिरता, विकास और जनहित के मुद्दों पर चलना चाहिए, लेकिन भाजपा लगातार लोकतांत्रिक संस्थाओं और जनादेश को कमजोर करने का काम कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित