लखनऊ , जनवरी 15 -- समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अन्याय और अधर्म के रास्ते पर चल रही है। भाजपा सरकार पूरी तरह नाकाम साबित हुई है, जिसने जनहित में कोई उल्लेखनीय काम नहीं किया है।
सपा प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए नेताओं व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा नफरत की राजनीति करती है। भाजपा जब कमजोर पड़ती है तो साम्प्रदायिकता को और तेज कर देती है। भाजपा नेताओं को "आरोपजीवी" बताते हुए उन्होंने कहा कि इनका काम सिर्फ समाजवादी पार्टी पर झूठे आरोप लगाना है। उन्होंने भाजपा को पूंजीवादी पार्टी करार देते हुए कहा कि यह पूंजीपतियों के मुनाफे के लिए काम करती है और जनता को झूठे वादों से भ्रमित करती है।
श्री यादव ने कहा कि सत्य और न्याय का रास्ता ही धर्म का रास्ता है, जबकि भाजपा सरकार अन्याय-अत्याचार के जरिए लोगों को अपमानित कर रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव की घोषणा होते ही बुलडोजर का भी पता नहीं चलेगा। 2027 में यूपी की जनता भाजपा को सत्ता से बाहर कर देगी।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सकारात्मक राजनीति करती है और विकास, नौकरी, रोजगार तथा जनकल्याण को प्राथमिकता देती है। अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 में सपा सरकार बनने पर किसानों, गरीबों, महिलाओं और नौजवानों के हित में बड़े फैसले लिए जाएंगे। शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार होगा, गरीबों का मुफ्त इलाज सुनिश्चित किया जाएगा और महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित