कोलकाता , मार्च 23 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पश्चिम बंगाल में अपने घोषणापत्र (संकल्प पत्र) के विमोचन के लिए जोरों से योजना बना रही है और उम्मीद है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कोलकाता में इसे जारी करेंगे।

इस कार्यक्रम के बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पार्टी सूत्रों का कहना है कि इस 'हाई-प्रोफाइल' कार्यक्रम के प्रति लोगों को जागरूक बनाने की तैयारियां ज़ोरों पर हैं। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, "हमने 'परिवर्तन यात्रा' का आयोजन किया था, जो बेहद सफल रही। उसके बाद कोलकाता के ब्रिगेड मैदान में विशाल रैली हुई। इन दोनों चुनावी अभियानों ने लोगों के मन पर गहरा असर डाला है। तीसरा कार्यक्रम 'संकल्प पत्र' का विमोचन होगा। हम इसे एक बड़ा राजनीतिक शो बनाएंगे।"भाजपा सूत्रों के अनुसार श्री शाह के 27 और 28 मार्च को राज्य का दौरा करने की संभावना है। पार्टी इस तरह की व्यवस्था कर रही है कि 28 मार्च को पार्टी के राज्य नेतृत्व की मौजूदगी में घोषणापत्र का विमोचन किया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित