पटना , अप्रैल 23 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का संगठन और उसके कार्यकर्ता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।

पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के अंतर्गत प्रदेश प्रशिक्षण योजना से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई,जिसमे मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को संबोधित किया।

इस अवसर पर श्री चौधरी ने कहा कि संगठन और कार्यकर्ता ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का सतत प्रशिक्षण संगठन को मजबूती प्रदान करता है और उन्हें विचारधारा के प्रति और अधिक प्रतिबद्ध बनाता है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने में प्रशिक्षण महाभियान की महत्वपूर्ण भूमिका है।

श्री चौधरी ने कहा कि इस प्रशिक्षण महाभियान के अंतर्गत भाजपा संगठन के सभी 52 जिलों में व्यापक स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे हर स्तर के कार्यकर्ताओं को वैचारिक एवं संगठनात्मक रूप से सशक्त किया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित