चंडीगढ़ , मई 2 -- नगर निकाय चुनाव में जीत के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पूरी ताकत झोंक दी है। शुक्रवार देर शाम भाजपा प्रदेश प्रभारी सतीश पूनिया और प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने सोनीपत के विभिन्न वार्डों में जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों से संवाद किया।

दोनों नेताओं ने वार्ड चौपालों में स्थानीय नागरिकों से बातचीत की और डोर-टू-डोर संपर्क कर भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान कर भारी बहुमत से विजयी बनाने की अपील की। सोनीपत जिला चुनाव समिति की बैठक में कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति पर दिशा-निर्देश भी दिए गए।

श्री पूनिया और बड़ौली ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंचकर शत प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सोनीपत के तीन गुणा विकास के लिए लोग "कमल के फूल" पर बटन दबाकर ट्रिपल इंजन सरकार बनाएं।

चौपाल के दौरान पूनिया ने कहा कि सोनीपत की जनता विकास चाहती है और भाजपा सरकार ने हमेशा जनहित को प्राथमिकता दी है। भाजपा का संकल्प पत्र प्रदेश के विकास का रोडमैप है और नायब सैनी सरकार हर वादे को पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एकमात्र पार्टी है जो बिना भेदभाव के हर वर्ग के विकास के लिए काम कर रही है।

श्री पूनिया ने केंद्र की मोदी सरकार और हरियाणा की नायब सैनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि गरीब, किसान, महिला और युवा सहित हर वर्ग के लिए जनकल्याणकारी योजनाएं चल रही हैं। महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर और लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 2100 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां मिल रही हैं और किसानों की सभी फसलें एमएसपी पर खरीदी जा रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित