लखनऊ , अप्रैल 09 -- समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का राजनीतिक चरित्र जनविरोधी है और वह लोकतंत्र के साथ छल कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है और आम जनता को बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही हैं। पार्टी मुख्यालय में गुरुवार को विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं को 2024 के लोकसभा चुनाव से भी ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है।

श्री यादव ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय रहने और जनता के बीच जाकर भाजपा सरकार की नाकामियों को बताने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी परियोजनाओं के नाम पर जनता को भ्रमित किया गया है, जबकि लखनऊ समेत बड़े शहरों में यातायात व्यवस्था बदहाल है और जाम की समस्या गंभीर बनी हुई है।

उन्होंने बिजली व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में कोई नया बिजली संयंत्र नहीं लगा और स्मार्ट मीटर के जरिए उपभोक्ताओं से अधिक बिल वसूले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार के दौरान प्रदेश में एक्सप्रेस-वे समेत कई विकास कार्य हुए, जबकि वर्तमान सरकार नए प्रोजेक्ट शुरू करने में विफल रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित