टोंक , अप्रैल 27 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस पर महिलाओं के हक को रोकने का आरोप लगाते हुए आश्वस्त किया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जो संकल्प लेते हैं उसे सिद्धि तक पहुंचाने का काम करते हैं और भाजपा नेतृत्व ही महिलाओं को उनका हक दिलायेगी।
श्री नवीन ने सोमवार को यहां प्रदेश में भाजपा के सात जिला कार्यालयों के उद्घाटन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि जहां पार्टी कार्यकर्ता भाजपा संगठन को मजबूत कर रहे हैं वहीं देश में ऐसी ताकतें काम कर रही है जो लगातार इस देश को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा , "श्री मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को सुरक्षा एवं सम्मान देने एवं उनके स्वाभिमान को बढाने का काम हमारी सरकार कर रही है वहीं दुर्भाग्य से विपक्ष महिलाओं को सुरक्षा एवं सम्मान तो नहीं दे सकता लेकिन जब महिलाओं को सम्मान एवं सुरक्षा एवं उनकी हिस्सेदारी देने के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से हम उन्हें हिस्सेदारी एवं उनके हक को बढाने काम कर रहे थे तो उसे रोकने का काम कांग्रेस के लोगों ने किया है।"श्री नवीन ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे कांग्रेस के नेताओं एवं सांसदों से पूछे कि महिलाओं के हक को क्यों छीना गया। इसका जवाब उन्हें देना होगा क्योंकि महिलाओं का हक छीना गया हैं। उन्होंने कहा, "हम महिलाओं के हक के लिए लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं।"उन्होंने आश्वस्त करते हुए कहा कि भाजपा का नेतृत्व ही महिलाओं का हक दिलायेगा और समय आने पर नारी शक्ति अधिनियम को भी पूरा किया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित