मुंबई , मार्च 05 -- कांग्रेस विधायक नाना पटोले ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आरोप लगाया है कि उसने बार-बार अपने गठबंधन साथियों के खिलाफ साजिश कर उन्हें धोखा दिया है।
श्री पटोले ने गुरूवार को मीडिया से बात कहा कि महाराष्ट्र में श्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में चुनाव हुए थे और बिहार में श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में। लेकिन महाराष्ट्र में श्री शिंदे मुख्यमंत्री की बजाय उपमुख्यमंत्री बन गए और बिहार में नीतीश कुमार को राज्यसभा जाने के लिए बाध्य किया गया है।
उन्होंने कहा, "भाजपा ने हमेशा अपने गठबंधन के साथियों के साथ साजिश की है और महाराष्ट्र इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। श्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में चुनाव लड़े गए और सरकार सत्ता में आई लेकिन श्री शिंदे मुख्यमंत्री नहीं बने।"श्री पटोले ने बिहार के राजनीतिक हालात का जिक्र करते हुए कहा, "बिहार में चुनाव श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़े गए थे। भाजपा को वहां भी जीत मिली। अब उन्हें मुख्यमंत्री पद से हटाया जा रहा है।" उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में आने के बाद भाजपा का अपने साथियों को धोखा देने की एक रवायत रही है।
कांग्रेस विधायक ने आरोप लगाया कि बिहार में अचानक नेतृत्व परिवर्तन लोगों के जनादेश के साथ धोखा है, जिससे राज्य में बदलते राजनीतिक समीकरण की आलोचना बढ़ गई। कांग्रेस के महासचिव और सूचना प्रभारी जयराम रमेश ने कहा कि पार्टी ने राज्य के चुनाव अभियान के दौरान ऐसी संभावना के बारे में बार-बार चेतावनी दी थी। श्री रमेश ने सोशल मीडिया पर भाजपा पर सत्ता बदलने की साजिश रचने का आरोप लगाया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित