चंडीगढ़ , अप्रैल 02 -- पंजाब प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने गुरूवार को कहा कि यहां भाजपा कार्यालय पर हुए ग्रेनेड हमले के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान की टिप्पणी अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है और ऐसी टिप्पणियाँ मुख्यमंत्री पद पर आसीन व्यक्ति को शोभा नहीं देतीं।
श्री शर्मा ने चंडीगढ़ स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में विस्फोट स्थल का दौरा करने के बाद संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि डॉ. बी.आर. अंबेडकर की मूर्तियों की बेअदबी, सिद्धू मूसेवाला, कबड्डी खिलाड़ियों, व्यापारियों, सरपंचों और पंचों की हत्याएं, दर्जनों थानों और चौकियों पर ग्रेनेड हमले, इंटेलिजेंस मुख्यालय पर आरपीजी हमला, गैंगवार और बड़े पैमाने पर फिरौती जैसी घटनाएं स्पष्ट रूप से दर्शाती हैं कि मुख्यमंत्री भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के प्रति अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया है और राज्य को लावारिस छोड़ दिया है।
श्री शर्मा ने 'आप' प्रमुख अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान से पूछा कि क्या वे गुरपतवंत सिंह पन्नू जैसे देशविरोधी तत्वों का कर्ज उतार रहे हैं, जिन्होंने 2017 में उनका समर्थन किया था और 2022 में वोटों की अपील करते हुए पत्र लिखा था कि "यदि पंजाब में 'आप' की सरकार बनती है, तो उनके लक्ष्य को प्राप्त करने की उम्मीदें पुनर्जीवित हो जाएंगी।" उन्होंने दावा किया कि इस मिशन के लिए उनके संगठन द्वारा 16.70 मिलियन डॉलर (100 करोड़ रुपये से अधिक) की फंडिंग दी गई थी। उन्होंने सवाल किया कि क्या ये बार-बार होने वाली घटनाएं पन्नू के देशविरोधी एजेंडे को आगे बढ़ाने की ओर इशारा करती हैं।
उन्होंने कहा कि ये घटनाएं स्पष्ट रूप से दिखाती हैं कि पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है और इसका प्रभाव अब राज्य की राजधानी चंडीगढ़ तक पहुंच रहा है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि मुख्यमंत्री जिम्मेदारी से भाग रहे हैं और उनकी असंवेदनशील टिप्पणियां दुख को और बढ़ा रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यालय पर हमला पंजाब में भाजपा के प्रति बढ़ते समर्थन से बौखलाई देशविरोधी ताकतों का परिणाम है , लेकिन भाजपा का कोई भी कार्यकर्ता या नेता ऐसी हरकतों से डरने वाला नहीं है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पंजाब के सांप्रदायिक सौहार्द को बनाए रखने के लिए किसी भी बलिदान के लिए प्रतिबद्ध है। राष्ट्र को विभाजित करने की इच्छा रखने वालों के मंसूबे कभी सफल नहीं होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित