चंडीगढ़ , अप्रैल 01 -- पंजाब प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने बुधवार को भाजपा के चंडीगढ़ स्थित कार्यालय के बाहर हुए धमाके पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि पंजाब जैसे सीमावर्ती राज्य में सुरक्षा बलों के केंद्रों (पुलिस थानों) पर ग्रेनेड हमले होना सुरक्षा व्यवस्था में एक बड़ी चूक की ओर इशारा ही नहीं करता है , बल्कि यह सीधे तौर पर राज्य की कानून व्यवस्था को चुनौती देने जैसा है।
श्री जाखड़ ने कहा कि होशियारपुर में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा की प्रतिमा के साथ की गई तोड़-फोड़ केवल संपत्ति का नुकसान नहीं, बल्कि एक विशेष समुदाय की भावनाओं को आहत करने और दलित समाज में असुरक्षा की भावना पैदा करने की साजिश है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय पर हमला यह दर्शाता है कि अब ये घटनाएं पंजाब की सीमाओं से निकलकर संयुक्त राजधानी तक पहुँच रही हैं, जो केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासन के लिए भी खतरे की घंटी है।
इन घटनाओं के पीछे स्पष्ट रूप से वे ताकतें सक्रिय हैं जो पंजाब की 'सांझीवालता' (सामूहिक भाईचारे) को तोड़ना चाहती हैं। धार्मिक और राजनैतिक प्रतीकों को निशाना बनाना अक्सर लोगों के बीच ध्रुवीकरण पैदा करने के लिए किया जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित