हैदराबाद , फरवरी 22 -- तेलंगाना प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने रविवार को कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार उनकी पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं और हिंदूवादी कार्यकर्ताओं की गैरकानूनी गिरफ्तारी करवा रही है और झूठे मामले दर्ज करवा रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
श्री राव ने संवाददाताओं से बात करते हुए आरोप लगाया कि कामारेड्डी जिले के बांसवाड़ा में 70 से 80 भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और हिंदूवादी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। उन्होंने इसे पुलिस अत्याचार बताया। उन्होंने दावा किया कि ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एमआईएम) के किसी भी कार्यकर्ता को गिरफ्तार नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार एमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के प्रभाव में काम कर रही है। बांसवाड़ा में धारा 144 लगाने पर सवाल उठाते हुए श्री राव ने कहा कि भाजपा ने कथित पुलिस ज्यादतियों के विरोध में शांतिपूर्ण बंद का आह्वान किया था।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और बांसवाड़ा के लोगों को भरोसा दिलाया कि भाजपा राज्य सरकार के "कुशासन" का विरोध करती रहेगी और इससे प्रभावित लोगों के साथ खड़ी रहेगी। श्री राव ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारियों से भी अपील की कि वे बिना किसी भेदभाव के काम करें और बिना किसी राजनीतिक असर के अपनी ड्यूटी निभाएं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित