चेन्नई , अप्रैल 07 -- तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर मदुरै मेट्रो परियोजना को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार की जीत से जोड़ने को लेकर तीखा हमला बोला और इसे "सौदेबाजी और ब्लैकमेल" करार दिया।

श्री स्टालिन ने कहा कि श्री फडणवीस का यह कहना कि मदुरै में भाजपा उम्मीदवार के जीतने और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिलने के बाद ही मेट्रो परियोजना लाई जाएगी, पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने सवाल किया कि क्या किसी अन्य राज्य में जाकर इस तरह की टिप्पणी करना एक मुख्यमंत्री के लिए उचित है। उन्होंने कहा कि संविधान की शपथ लेने वाले व्यक्ति को इस तरह की बात कहने पर शर्म आनी चाहिए।

श्री स्टालिन ने आरोप लगाया कि इस प्रकार के बयान संघीय ढांचे और संवैधानिक मूल्यों को कमजोर करते हैं।उन्होंने यह भी कहा कि तमिलनाडु सरकार केन्द्र से पर्याप्त सहयोग न मिलने के बावजूद कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को लागू कर रही है और श्री फडणवीस को पहले तथ्यों की जानकारी लेनी चाहिए।उन्होंने कहा कि "डबल इंजन" राज्यों से परे तमिलनाडु का द्रविड़ मॉडल शासन दो अंकों की आर्थिक वृद्धि हासिल कर चुका है।

उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष केंद्र सरकार ने 2011 की जनगणना के आधार पर कम जनसंख्या का हवाला देते हुए कोयंबटूर और मदुरै मेट्रो परियोजनाओं के प्रस्तावों को खारिज कर दिया था और वैकल्पिक परिवहन मॉडल अपनाने की सलाह दी थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित