बेलगावी , दिसंबर 18 -- कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर 'नफरत की राजनीति' करने और अपनी शासन संबंधी विफलताओं से ध्यान भटकाने के लिए झूठे मामलों के जरिए कांग्रेस नेताओं को निशाना बनाने का आरोप लगाया।
मुख्यमंत्री ने बेलगावी के सुवर्ण विधान सौध परिसर में गांधी प्रतिमा के पास एक विरोध रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस विधायकों और विधान पार्षदों के साथ मिलकर नेशनल हेराल्ड मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के आरोप पत्र को अदालत द्वारा खारिज किए जाने की सराहना की।
श्री सिद्दारमैया ने कहा, "कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। विभाजन की राजनीति करने वाली भाजपा के विपरीत हमने इस देश को आजादी दिलाई है।" उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी विधानमंडल के अंदर और बाहर दोनों जगह विरोध प्रदर्शन जारी रखेगी और इस आंदोलन को पूरे राज्य और देश में तेज किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा बढ़ती महंगाई, बढ़ती बेरोजगारी और बढ़ते सार्वजनिक कर्ज जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने उल्लेख किया कि यूनाइटेड प्रोग्रेसिव अलाएंस (यूपीए) काल के दौरान राष्ट्रीय कर्ज जो 53.11 लाख करोड़ रुपये था, वह भाजपा सरकार के तहत बढ़कर 201.11 लाख करोड़ रुपये हो गया है।
श्री सिद्दारमैया ने कहा, "भाजपा अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए झूठे मामलों का सहारा ले रही है।" उन्होंने यह भी याद दिलाया कि सालाना दो करोड़ नौकरियां देने और विदेशों से काला धन लाकर हर नागरिक के बैंक खाते में 15 लाख रुपये जमा करने जैसे वादे पूरे नहीं किए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित