पटना, फरवरी 10 -- बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार ने विधायक और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का मंगलवार को सदन में स्वागत किया और कहा कि इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल करने के बाद श्री नबीन का सदन में आना एक गौरवशाली क्षण है।
श्री कुमार ने कहा कि सिर्फ 45 वर्ष की उम्र में श्री नबीन का भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना एक उल्लेखनीय उपलब्धि है और उम्मीद है कि भाजपा संगठन को वह नई ऊंचाईयों तक ले जाएंगे। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि श्री नबीन के दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के अध्यक्ष बनने के बाद बिहारी योग्यता और प्रतिभा को नया सम्मान मिला है। उन्होंने बिहार विधानसभा सदस्य के रूप में उनके कार्यों को याद किया और नए दायित्व के किये शुभकामनाएं दीं।
श्री नबीन के सदन में आगमन पर सर्वप्रथम संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी ने उनका स्वागत किया और कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सहयोगी पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के सदस्य के नाते उन्हें नितिन नबीन को बहुत करीब से समझने और जानने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना इस बात का प्रमाण है कि श्री नबीन एक कर्मठ नेता हैं। उन्होंने कहा कि श्री नबीन जितने सहज हैं, उतने ही दक्ष हैं और जितने सरल हैं, उतने ही कुशल हैं। उन्होंने कहा कि श्री नबीन का भाजपा के सर्वोच्च पद पर पहुंचना इस बात का प्रतीक है कि हम बिहारी कुशल भी हैं और भरोसे के लायक भी।
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि श्री नबीन के पार्टी अध्यक्ष बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वह सरकार के मुखिया हैं और श्री नबीन उनके मुखिया हैं।
उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने राजग को 202 सीटों का तोहफा दिया और बदले में भारतीय जनता पार्टी ने श्री नबीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष बना कर बिहार को उसका इनाम दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी के पूर्व अध्यक्षों ने संगठन के माध्यम से उसे बहुमत दिलाया और अब श्री नबीन उन इलाकों में पार्टी का परचम लहरायेंगे, जहां सफलता मिलनी शेष है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित