भागलपुर , फरवरी 23 -- बिहार में भागलपुर जिले में आपराधिक घटनाओं, अवैध आर्म्स और मादक पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए चलाए गये विशेष अभियान के तहत पिछले चौबीस घंटे के भीतर कुल 107 अपराधियो को गिरफ्तार किया गया है।

भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने सोमवार को यहां बताया कि जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विगत 21 एवं 22 फरवरी को चलाए गये इस अभियान में पुलिस ने विभिन्न मामलों में कुल 107 अपराधियों को दबोचने में सफलता प्राप्त की है। इनमें से संगीन और आर्म्स एक्ट मामले में लिप्त 27 अपराधियों को जेल भेज दिया गया है।

श्री यादव ने बताया कि पकड़े गए कुछ अपराधियों के पास से दो देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक चाकू के साथ साथ करीब ग्यारह ग्राम ब्राउन शुगर, सात ग्राम सिल्वर पेपर, दो नापी मशीन, चार मोबाइल और दस हजार रुपए नगद बरामद किया गया है। इसके अलावा अवैध मादक पदार्थ बेचने वाले करीब एक दर्जन अभियुक्तों से 217.350 लीटर विदेशी शराब और 469 लीटर देशी शराब भी जब्त की गई है।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस दौरान जिले के अलग-अलग जगहों से कुल 1118 ओवरलोडिंग वाहनों को पकड़ा गया और उससे जुर्माने के रुप में 41,500 रुपए की राशि वसूल की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित