भागलपुर , मार्च 06 -- बिहार में भागलपुर जिले के इशाकचक थाना क्षेत्र में शुक्रवार को पुलिस ने 8 हजार 40 पीस कोडिन युक्त कफ सिरप के साथ एक अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है।
भागलपुर के नगर पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिंह ने आज यहां बताया कि इस क्षेत्र के इस्लामनगर में एक व्यक्ति द्वारा भारी मात्रा में कोडिन युक्त कफ सिरप एकत्र कर खरीद-बिक्री करने की सूचना मिलने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक नगर - वन और डीआईयू ब्रांच की अगुवाई में गठित विशेष पुलिस टीम ने इस्लामनगर के एक घर में छापा मारा।
श्री सिंह ने बताया कि इस दौरान पुलिस टीम ने वहां से आठ हजार चालीस पीस कोडिन युक्त कफ सिरप और 21 हजार पीस टेन टैबलेट बरामद करने के साथ मौके से एक अपराधी मो.फरहान को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति तातारपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है और लंबे समय से इस्लामनगर इलाके में बड़े स्तर पर जब्त दवाईयों की ख़रीद- बिक्री में शामिल है।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए अपराधी से पूछताछ कर इस धंधे में शामिल अन्य लोगों का पता लगाया जा रहा है और इस मामले में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की आर रही है ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित