भागलपुर , फरवरी 02 -- राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के बिहार प्रदेश प्रवक्ता अरुण कुमार यादव ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुये कहा है कि बिहार को विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल किये बिना 'विकसित भारत' का सपना देखना मुंगेरीलाल के हसीन सपनों जैसा है।

सोमवार को जारी बयान में उन्होंने कहा कि नीति आयोग और आर्थिक सर्वेक्षण के आंकड़े बिहार की वास्तविक और चिंताजनक स्थिति को उजागर करते हैं। हर पैमाने पर बिहार पिछड़ा है, इसके बावजूद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) नेता कड़वी सच्चाई स्वीकार करने के बजाय जनता को गुमराह कर रहे हैं।

अरुण कुमार यादव ने बताया कि राज्य के वित्त मंत्री बिजेंद्र यादव ने प्री- बजट बैठक में उद्योग स्थापना के लिये विशेष सहायता, बाढ़ राहत पैकेज, उत्तर बिहार में कोसी, गंडक और बागमती नदियों से होने वाली तबाही रोकने के लिये डिजास्टर रिजिलिएंट पैकेज और सेस- सरचार्ज में राज्य की हिस्सेदारी जैसी मांगें रखी थीं, लेकिन केंद्रीय बजट में इन्हें नजरअंदाज कर दिया गया।

उन्होंने सवाल उठाया कि डबल इंजन की सरकार होने के बावजूद बिहार की मांगों को तवज्जो न मिलना क्या दर्शाता है। राजद प्रवक्ता ने कहा है कि पार्टी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव बिहार को विशेष राज्य का दर्जा और विशेष पैकेज दिलाने के लिये सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित