भागलपुर , फरवरी 25 -- बिहार में भागलपुर जिले के इशाकचक थाना क्षेत्र से पुलिस ने बुधवार को 6220 पीस कोडीन कफ सिरप बरामद कर तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।

भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने बुधवार को यहां बताया कि इस क्षेत्र के बौंसी पुल के पास एक गोदाम में भारी मात्रा में रखे कोडिन कफ सिरप को विभिन्न जगहों पर छिपाकर रखने की योजना की सूचना पर नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी में पुलिस उपाधीक्षक (नगर)- वन की अगुवाई में गठित पुलिस टीम ने उक्त गोदाम पर छापा मारा।उन्होंने बताया कि इस दौरान पुलिस टीम द्वारा वहां से 6220 पीस कोडिन कफ सिरप बरामद किया गया और मौके पर से गोदाम मालिक बृजबिहारी यादव, रवि कुमार एवं मुकेश कुमार उर्फ मंटू कुमार की गिरफ्तारी की गई है। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन और एक ऑटोरिक्शा जब्त किया गया है। आशंका है कि बरामद कफ सिरप का इस्तेमाल लोग नशा के लिये करते हैं।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पकड़े गए सभी लोग जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं और पुलिस उससे कड़ी पूछताछ कर रही है। इस सिलसिले में सुसंगत धाराओं में तीनों के विरुद्ध एक प्राथमिकी दर्ज अग्रतर कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित