पटना , मई 04 -- राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने सोमवार को कहा कि नवगछिया-भागलपुर मार्ग पर पुल गिरने की घटना बिहार सरकार के मातहत आधारभूत संरचनाओं तथा परियोजनाओं में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का प्रमाण है।
श्री यादव ने विक्रमशिला पुल हादसे का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासनकाल के दौरान पुलों और पुलियों के ध्वस्त होने की घटनाओं में काफी वृद्धि हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में राजग सरकार के 21 वर्षों के शासन में पुल गिरने का रिकॉर्ड बना है, जो व्यवस्था में भ्रष्टाचार की गहराई को दर्शाता है।
राजद नेता ने कहा कि उनकी पार्टी ने पहले ही विक्रमशिला पुल की स्थिति को लेकर चिंता जताई थी और चेतावनी दी थी कि इसमें संरचनात्मक समस्या उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने एहतियाती कदम उठाने के बजाय चेतावनियों को नजरअंदाज किया और अपने भ्रष्ट आचरण का बचाव करती रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित