भागलपुर, दिसंबर 18 -- बिहार में पूर्व रेलवे के मालदा मंडल के साहिबगंज- भागलपुर रेलखंड पर गुरूवार को चलाए गए विशेष टिकट चेकिंग अभियान के तहत 503 बेटिकट यात्रियों को गिरफ्तार किया गया है।

मालदा मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक कार्तिक सिंह ने आज यहां बताया कि मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में इस रेलखंड के भागलपुर और कहलगांव स्टेशनो पर आज विशेष टिकट चेकिंग अभियान के तहत पकड़े गये 503 बेटिकट यात्रियों से जुर्माने के रुप में चार लाख 33 हजार 75 रुपए की राशि वसूल की गई है।उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत भागलपुर के मुख्य टिकट निरीक्षक दिलीप चौरसिया की अगुवाई में टिकट निरीक्षकों की अलग-अलग टीमों के द्वारा आज दिन भर अप तथा डाउन दिशा की सभी एक्सप्रेस और सवारी गाड़ी में यात्री टिकट की चेकिंग कर बेटिकट यात्रियों को पकड़ा गया।इस काम में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) का पूरा सहयोग मिला है।

श्री सिंह ने बताया कि टिकट चेकिंग अभियान से मालदा मंडल के साहेबगंज - भागलपुर खंड सहित सभी रेलखंडों पर चलने वाले सभी एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों में बेटिकट यात्रियों की संख्या में कमी आई है तो दूसरी तरफ प्रमुख स्टेशनों के राजस्व में भी वृद्धि हुई है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने बताया कि इस रेलमंडल के प्रमुख स्टेशनों पर टिकट काउंटरों के भीड़ से बचने के लिए रेल यात्रियों को स्वचालित टिकट वेंडिंग (एटीभीएम) और ऑनलाइन टिकट के लिये रेलवन एप की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। वहीं इन सुविधाओं का अधिक से अधिक उपयोग करने के लिये यात्रियों को जागरुक किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित