हैदराबाद , अप्रैल 05 -- भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने अपने तेलंगाना की राजधानी में यहां 'हर घर भाकपा अभियान' शुरू किया है। इसके तहत सिंगरेनी कॉलोनी में व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया।
इस दौरान पार्टी ने भविष्य के आंदोलनों के लिए जनता से वित्तीय सहायता मांगी और जनभागीदारी की अपील की।
भाकपा की हैदराबाद जिला परिषद के तत्वावधान में पार्टी सदस्यों ने घर-घर और दुकान-दर-दुकान जाकर पर्चे बांटे। इनमें पार्टी की उपलब्धियों और संघर्षों का उल्लेख किया गया है। अभियान को संबोधित करते हुए भाकपा तेलंगाना के सहायक सचिव ईटी नरसिम्हा ने लोगों से 'गरीबों की पार्टी - भाकपा की रक्षा करने' और वित्तीय सहायता प्रदान करने का आह्वान किया।
नेताओं ने आरोप लगाया कि बढ़ती गरीबी और बेरोजगारी जैसे मुद्दों का समाधान नहीं किया जा रहा है और सत्तासीन लोग 'भावनात्मक राजनीति' के जरिये जनता का ध्यान भटका रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि असहमति की आवाजों को दबाया जा रहा है और कॉर्पोरेट हितों के पक्ष में कानून बनाये जा रहे हैं।
भाकपा नेताओं ने वैश्विक घटनाक्रमों पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्षों का असर भारत पर पड़ रहा है, विशेष रूप से ईंधन आपूर्ति में बाधा आने से ऑटो-रिक्शा चालकों और तेल पर निर्भर उद्योगों से जु़ड़े लोगों की आजीविका पर बुरा असर पड़ा है। उन्होंने भारत सरकार से शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाने का आग्रह किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित