मुरैना , मार्च 2 -- मध्यप्रदेश जेल मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार होली पश्चात 5 मार्च को भाईदूज के अवसर पर जिला जेल मुरैना में निरुद्ध बंदियों की उनकी बहनों से प्रत्यक्ष मुलाकात एवं पारंपरिक टीका कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
उप जेल अधीक्षक मुरैना ने बताया कि मुलाकात हेतु बंदियों की बहनों के नाम प्रातः 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक दर्ज किए जाएंगे। पंजीकृत बहनों की ही मुलाकात दोपहर 3 बजे तक कराई जाएगी। निर्धारित समयावधि के पश्चात किसी भी प्रकार का अनुरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने आगंतुकों से अनुरोध किया है कि जेल की सुरक्षा एवं नियमों को ध्यान में रखते हुए वे अपने साथ किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री, जैसे मोबाइल फोन, मादक पदार्थ अथवा अन्य बाहरी वस्तुएं न लाएं। जेल परिसर में बाहरी सामग्री का प्रवेश पूर्णतः निषिद्ध रहेगा।
मुलाकात के लिए आने वाली बहनों से सहयोग बनाए रखने का आग्रह किया गया है। समस्त गतिविधियां सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में संचालित होंगी तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न करने की स्थिति में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध जेल नियमों के अंतर्गत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित