रायपुर , मार्च 21 -- छत्तीसगढ में रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र के भरेंगाभाटा गांव में एक सनसनीखेज मामला आज सामने आया है, जहां जमीन में दफन एक युवक का शव बरामद किया गया। शव इस स्थिति में मिला कि उसका एक हाथ और एक पैर जमीन के बाहर दिखाई दे रहा था, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक कार्रवाई के दौरान कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में शव को जमीन से बाहर निकाला गया।
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है। गुमशुदगी की शिकायत के आधार पर परिजनों को बुलाकर शिनाख्त कराई गई। शव की पहचान हाथ में बने टैटू के जरिए नितेश बत्रा (निवासी शददानी दरबार क्षेत्र) के रूप में हुई है।
प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, जिसमें शव को छिपाने के उद्देश्य से जमीन में दफनाया गया था। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। आरोपी की तलाश जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित