बहराइच , नवम्बर 4 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में भरथापुर नाव हादसे के सातवें दिन मंगलवार को रेस्क्यू टीमों ने दो और शव बरामद किए। इस प्रकार अब तक हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है, जबकि शेष लापता लोगों की तलाश अब भी जारी है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा बिछिया थाना क्षेत्र के सुजौली इलाके के अंतर्गत कतर्नियाघाट वन्यजीव अभयारण्य के बीच बसे भरथापुर गांव में छह दिन पूर्व हुआ था। नाव हादसे में आठ लोग लापता हो गए थे। राहत और बचाव अभियान के तहत रविवार को घाघरा नदी के डाउन स्ट्रीम क्षेत्र से दो शव बरामद किए गए थे, जबकि सोमवार को किसी शव का पता नहीं चल सका।
मंगलवार को एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। दोपहर करीब एक बजे थाना सुजौली क्षेत्र के जंगल गुलरिया के धर्मपुर रेतिया गांव के सामने घाघरा नदी में 11 वर्षीय शिवम का शव बरामद हुआ। इसके बाद शाम लगभग 4:30 बजे लखीमपुर खीरी जिले के पढ़ुआ थाना क्षेत्र के बोकरिहा गांव के पास घाघरा नदी से पांच वर्षीय कोमल पुत्री पंचम का शव मिला।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित