भरतपुर , फरवरी 04 -- राजस्थान में भरतपुर संभाग में बुधवार को पश्चिम विक्षोभ का असर समाप्त होने के बाद भरतपुर, डीग, करौली और धौलपुर जिलों में घने कोहरे के बीच दृश्यता शून्य से 20 मीटर के स्तर पर पहुंच जाने से रेल एवं सडक यातायात करीब थम सा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सरसों और गेहूं की फसल को नुकसान की आशंका के बीच खेतों में नमी और पाले जैसी स्थिति बनने से फसल के उत्पादन पर नकारात्मक प्रभाव पड़ने की आशंका है।घने कोहरे के असर से रेलगाड़ियों के संचालन में आ रही परेशानी से दिल्ली मुंबई रेल मार्ग पर भरतपुर संभाग में रेलगाड़ियों के काफी बिलंब से चलने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कोहरे के कारण सड़कों पर वाहन चालकों को सबसे ज्यादा दिक्कतें आ रही हैं। कम दृश्यता के चलते वाहन रेंगते नजर आ रहे है।
पिछले कुछ दिनों से मौसम में हो रहे उतार-चढ़ाव के चलते सर्दी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। सुबह और रात के समय ठंड का असर सबसे ज्यादा महसूस किया जा रहा है। मौसम के बदले इस मिजाज से सुबह काम पर जाने वाले कर्मचारियों, मजदूरों और छात्रों को आवागमन में विशेष दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग ने बताया कि अगले कुछ दिनों में संभाग में ठंड और कोहरे से राहत मिलने की संभावना कम है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित