भरतपुर , दिसम्बर 20 -- राजस्थान में भरतपुर सम्भाग में पिछले कई दिनों से लगातार छा रहे कोहरे के कारण आम जनजीवन अस्तव्यस्त होने के साथ राजमार्गों पर दुर्घटनाओं में इजाफा हो गया है।
कोहरे की वजह से शुक्रवार देर रात धौलपुर के सैंपऊ थाना क्षेत्र में टिहरी का पुरा गांव के पास खाटू श्याम जा रहे श्रद्धालुओं के दो वाहन नदी में पलट गये, भाग्यवश दोनों वाहन नदी के सूखे किनारे पर पलटे जिससे उनमें सवार सभी लोग सुरक्षित बच गये।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि पहला चौपहिया वाहन के नदी में गिरने के करीब आधे घंटे बाद एक और वाहन उसी स्थान पर पलट गया। हादसे की जानकारी मिलने पर टिहरी का पुरा गांव के लोगों ने मौके पर पहुंचकर तत्परता से सभी लोगों को दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से सुरक्षित बाहर निकाला।
उधर, शनिवार सुबह 10 बजे तक छाये रहे कोहरे की वजह से राजमार्ग पर दुर्घटना की आशंका को देखते वाहनों की रफ्तार थमने लगी है। वाहन चालक दिन में भी लाइट जला कर वाहन चलाने को मजबूर हैं या फिर वे वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर रोककर कोहरा छंटने का इंतजार करते नजर आ रहे हैं।
रेलवे सूत्रों ने बताया कि घने कोहरे की वजह से रेलवे का ऑनलाइन इन्क्वायरी सिस्टम भी गड़बड़ा गया है। सिस्टम अपडेट नहीं होने से दिल्ली-मुंबई एवं जयपुर-आगरा रेलमार्ग पर भरतपुर और उसके आसपास के रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। इन दोनों रेलमार्ग पर गाड़ियां काफी देरी से चल रही हैं। शनिवार को भी यह समस्या जारी रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित