भदोही , मार्च 09 -- भदोही जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को हैंडपंप मरम्मत को लेकर हुए विवाद में एक चौकीदार को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात कर दी गई है।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के पीपरगांव में हैंडपंप की मरम्मत के लिए पाइप लेने गए चौकीदार के साथ ग्राम प्रधान के बेटे पर मारपीट करने और पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप है। गंभीर रूप से झुलसे वृद्ध को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार सदर कोतवाली के चौकीदार जैसलाल सरोज (60) के घर पर लगा हैंडपंप सूख गया था। उसकी मरम्मत के लिए वह गांव के प्रधान के यहां पाइप लेने गए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया और उन पर हमला कर दिया गया। आरोप है कि ग्राम प्रधान के बेटे कमलेश ने उन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे वह बुरी तरह झुलस गए।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घायल चौकीदार को तुरंत महाराजा चेतसिंह राजकीय जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। जैसलाल के छोटे बेटे संतोष ने आरोप लगाया कि उसके पिता और ग्राम प्रधान के बेटे कमलेश के बीच विवाद के बाद मारपीट की गई और फिर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। पुलिस ने गांव में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है और मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित