भदोही , फरवरी 28 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के गोपीगंज थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में घायल युवक की इलाज के दौरान शनिवार को मृत्यु हो गई। पुलिस के अनुसार गोपीगंज स्थित इंटर कॉलेज के सामने गुरुवार को हुई दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल सोनू कुमार यादव (25) की बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान शनिवार को मौत हो गई। बताया गया कि थाना क्षेत्र के घूरीपुर निवासी रतनलाल और महादेवपुर चंद्रपुरा निवासी सोनू कुमार यादव दुर्घटना में घायल हुए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपीगंज में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद सोनू की हालत गंभीर होने पर उसे वाराणसी स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित