भदोही , मई 01 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में नीम के पेड़ से फंदे के सहारे लटका हुआ मिला।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि क्षेत्र के गुलौरी गांव निवासी विजय शंकर यादव के पुत्र रमाशंकर उर्फ रामू (20) का शव घर से करीब 500 मीटर दूर सीवान में स्थित एक नीम के पेड़ पर लटकता मिला। शौच के लिए निकले एक ग्रामीण की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद ग्राम प्रधान को सूचना दी गई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के अनुसार मृतक मुंबई में रहता था और लगभग एक सप्ताह पूर्व किसी मित्र की शादी के सिलसिले में गांव आया था, लेकिन वह घर नहीं पहुंचा। मृतक दो बहनों में इकलौता भाई था। मृतक के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाए जाने की आशंका जताई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित