भदोही , मार्च 02 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले की शहर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार ज्ञानपुर-भदोही मार्ग पर मूंसीलाटपुर के पास यह हादसा उस समय हुआ जब प्रयागराज जिले के गौसपुर निवासी दिनेश बिंद अपनी पत्नी सोनी (30) के साथ बाइक से जा रहे थे। दोनों भदोही जिले के पिपरिस गांव से अपने मायके कुरौना (थाना औराई) लौट रहे थे।
इसी दौरान पीछे से आ रहे अनियंत्रित डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक पर पीछे बैठी सोनी सड़क पर गिर गई और डंपर उसे रौंदते हुए आगे निकल गया। हादसा इतना भीषण था कि महिला की मौके पर ही मृत्यु हो गई। दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया और चालक की गिरफ्तारी की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और यातायात बहाल कराया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित