भदोही , फरवरी 10 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिलेद के औराई थाना क्षेत्र में मंगलवार को पुराने जमीनी विवाद को लेकर हुई फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति है।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि ग्राम बनपुरवा जंगला में आज सुबह लगभग 10:30 बजे दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद गाली-गलौज से शुरू होकर लाठी-डंडों तक पहुंच गया। इसी दौरान एक पक्ष के बृजेश कुमार यादव ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायर कर दिया। फायरिंग में दूसरे पक्ष के आशीष यादव (28) की पीठ में गोली लगने से घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। वहीं अखिलेश यादव पुत्र उमाशंकर यादव के हाथ में गोली लगी, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। इसके अलावा राजनाथ यादव को लाठी से चोट आई है। दोनों घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस ने लाइसेंसी रिवॉल्वर को कब्जे में ले लिया है तथा घटना से संबंधित तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बताया जाता है कि विजय शंकर और फूलचंद को चार बिस्वा जमीन पट्टे पर मिली थी, जिसका विवाद न्यायालय में विचाराधीन है। संबंधित भूमि पर न्यायालय द्वारा स्थगनादेश भी जारी है। आरोप है कि फूलचंद उक्त जमीन पर झोपड़ी डालकर रह रहे थे, जिसका दूसरे पक्ष ने विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और फायरिंग की घटना हुई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित