भदोही , फरवरी 28 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के गोपीगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस सूत्रों के अनुसार थाना क्षेत्र के हरदेवपुर धारा विश्वंभर पट्टी गांव निवासी पंचलाल यादव के पुत्र मिथिलेश (18) ने अपने घर की दूसरी मंजिल पर स्थित कमरे में फांसी लगा ली। बताया गया कि वह शुक्रवार को हाईस्कूल की परीक्षा देकर घर लौटा था। शाम को उसने यह कदम उठा लिया। परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।

परिजनों के अनुसार मृतक एक बहन और दो भाइयों में सबसे छोटा था। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि परीक्षा में पेपर खराब जाने से वह चिंतित था, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित