भदोही , मई 05 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में सदर कोतवाली पुलिस ने महिला समेत चार शातिर अपराधियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की है। इनमें से एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि भोली-भाली लड़कियों को बहला-फुसलाकर भगाने और सामूहिक दुष्कर्म जैसे जघन्य अपराधों में संलिप्त चार आरोपियों के खिलाफ गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम 1986 की धारा 3(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि गैंग का सरगना संतोष यादव (30) है। इसके अलावा गिरोह में ऊषा देवी (50) , आकाश गुप्ता (30) तथा रोहतास बाबरिया (30) शामिल हैं। यह संगठित गिरोह लड़कियों को विश्वास में लेकर उन्हें अपने साथ भगा ले जाता था और फिर उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म जैसी वारदातों को अंजाम देता था।

कार्रवाई के तहत मंगलवार को मेरठ से अभियुक्त आकाश गुप्ता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ पाक्सो एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम सक्रिय रूप से दबिश दे रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित