भदोही , अप्रैल 29 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में बुधवार को पछुआ हवाओं के साथ आए चक्रवाती तूफान और बेमौसम बारिश ने भारी तबाही मचाई। तेज आंधी, बादलों की गड़गड़ाहट और ओलावृष्टि के बीच जिले में सैकड़ों पेड़ धराशायी हो गए, जबकि कई स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आईं। हालांकि राहत की बात यह रही कि कहीं से किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली। चक्रवाती तूफान के कारण शादी-विवाह के इस मौसम में आयोजकों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। लाखों रुपये खर्च कर टेंट, सजावट और अन्य व्यवस्थाओं से तैयार की गई वैवाहिक महफिलें तेज आंधी और बारिश के कारण अस्त-व्यस्त हो गईं। कई स्थानों पर टेंट उखड़ गए और सजावटी सामग्री क्षतिग्रस्त हो गई।

तूफान के दौरान बादलों की तेज गड़गड़ाहट के बीच कई जगह आकाशीय बिजली गिरने की सूचना मिली। चौरी क्षेत्र के महुआपुर गांव में बिजली गिरने से एक सूखे पेड़ में आग लग गई, जबकि हरदोपट्टी क्षेत्र में भी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक आम के पेड़ में आग लग गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह आग पर काबू पाया।

बेमौसम बारिश के साथ जिले में जमकर ओले भी गिरे, जिससे मौसम सुहावना हो गया और पिछले लगभग एक सप्ताह से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को काफी राहत मिली। तापमान में गिरावट आने से आमजन ने राहत महसूस की।

आंधी-तूफान के चलते जिले के कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई। अधिशासी अभियंता विद्युत ए.के. सिंह ने बताया कि तूफान के कारण कई इलाकों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई है। विभाग की टीमें युद्ध स्तर पर मरम्मत कार्य में जुटी हैं और शीघ्र ही आपूर्ति व्यवस्था सामान्य कर दी जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित