भदोही , मार्च 19 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में गोपीगंज क्षेत्र के भोगांव गंगा घाट पर गुरुवार को स्नान के दौरान एक किशोर की डूबने से मृत्यु हो गई। ग्रामीणों की मदद से करीब दो घंटे बाद उसका शव नदी से बाहर निकाला गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि औराई कोतवाली क्षेत्र के जेठूपुर निवासी श्यामसुंदर मिश्रा का 14 वर्षीय पुत्र मृदुल मिश्रा सुबह करीब आठ बजे अपने एक साथी के साथ गंगा स्नान के लिए गया था। इस दौरान वह नहाते समय भंवर में फंसकर डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने जाल डालकर काफी प्रयास के बाद लगभग दो घंटे बाद शव को पानी से बाहर निकाला।

उन्होने बताया कि मृदुल मिश्रा घोसिया के एक कॉन्वेंट स्कूल में कक्षा आठ का छात्र था। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया तथा पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित