चंडीगढ़ , जनवरी 28 -- पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) के महासचिव और मीडिया प्रभारी बलतेज सिंह पन्नू ने बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राजिंदर कौर भट्ठल की एक साक्षात्कार का हवाला देते हुए कहा कि इस खुलासे ने परंपरागत पार्टियों का असली चेहरा लोगों के सामने ला दिया है।
श्री पन्नू ने बताया कि वह श्रीमती भट्ठल की एक साक्षात्कार सुन रहे थे जिसमें उन्होंने खुद माना कि जब वह मुख्यमंत्री थीं और चुनाव आए तो उन्हें पार्टी के कुछ सलाहकारों और नेताओं ने सलाह दी कि बसों और सार्वजनिक स्थानों पर बम धमाके करवा दिए जाएं ताकि सरकार दोबारा बन सके।
उन्होंने कहा कि यह बेहद संगीन और हैरान करने वाला खुलासा है। उन्होंने मांग की कि श्रीमती भट्ठल को तुरंत बताना चाहिए कि कांग्रेस के वे कौन से नेता और सलाहकार थे जिन्होंने ऐसी घिनौनी सलाह दी थी। 'आप' नेता ने कहा कि यह बयान साफ करता है कि पिछले समय में परंपरागत पार्टियां किस तरह आम लोगों की जानें दांव पर लगाकर अपनी सरकारें बनाती और दोहराती रही हैं। यह पंजाब के लोगों के साथ धोखा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित