जयपुर , अप्रैल 09 -- राजस्थान के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कांग्रेस पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार द्वारा कराये जा रहे विकास कार्य पचा नहीं पाने का आरोप लगाते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री राज्य में विकास की परियोजनाओं को धरातल पर लाने के लिए दिल्ली जाते हैं जबकि कांग्रेस शासन में उसके मुख्यमंत्री दिल्ली सरकार का रिचार्ज कूपन डलवाने के लिए जाते थे।

श्री बेढ़म गुरुवार को यहां भाजपा प्रदेश कार्यालय में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं भाजपा हरियाणा प्रभारी डाॅ सतीश पूनियां एवं उपमुख्यमंत्री डा प्रेम चंद बैरवा के साथ आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस के नेताओं के बयान 'मुख्यमंत्री बार बार दिल्ली क्यों जाते हैं' को लेकर तंज कसा। उन्होंने कहा कि कि जितने दिन का कूपन डलेगा उतने दिन सरकार चलेगी तथा फिर दिल्ली भागेंगे और उस समय की परिस्थितियां उस समय दिखी होगी।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कि कांग्रेस शासन में रिफाइनरी परियोजना का भट्टा बैठाने का काम किया गया जबकि भाजपा के शासन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस परियोजना की लागत राशि भी बढाई और अब वह 21 अप्रैल को इसका उद़घाटन भी करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में रहते कुछ नहीं करा पाई।

उन्होंने कहा कि श्री शर्मा प्रदेश में विकास का काम करा रहे हैं तो यह कांग्रेस के लोगों को पच नहीं रहा हे। उन्हांने कहा कि पिछले दो वर्षों में राजस्थान विकास के हर क्षेत्र में अग्रणी राज्य बना है और डबल इंजन की सरकार तेज गति से कार्य कर रही है। जब भी मुख्यमंत्री दिल्ली जाते हैं, तो राजस्थान के विकास के लिए जाते हैं, जिसके परिणामस्वरूप बड़ी-बड़ी परियोजनाएं राजस्थान को मिल रही है। कांग्रेस केवल वोटों की राजनीति, आरोप-प्रत्यारोप और टिप्पणियों तक सीमित है। भाजपा सरकार विकास और जनकल्याण के कार्यों के माध्यम से जनता की सेवा कर रही है।

उन्होंने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में राजस्थान प्रगति के पथ पर अग्रसर हैं और अग्रणी प्रदेशों में शामिल होने के लिए जनता के हित में मुख्यमंत्री काम कर रहे हें और सवा दो साल में उनके नेतृत्व में राजस्थान जिस तरह विकास का नया इतिहास रचा है और विकास की नींव रखी गई उसके आने वाले दिनों में सुखद परिणाम मिलेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित