जयपुर , फरवरी 07 -- केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी आर पाटील ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की प्रशंसा करते हुए कहा है कि वह जब भी दिल्ली जाते हैं, प्रदेश के लिए कुछ न कुछ उपलब्धि लेकर आते हैं और इसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ का भी पूरा सहयोग रहता है।

श्री पाटील शनिवार को यहां भाजपा प्रदेश कार्यालय में केन्द्रीय बजट को लेकर प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने यमुना जल समझौते का जिक्र करते हुए कहा कि लंबे समय से यमुना के जल पर राजस्थान का अधिकार था, लेकिन पिछली सरकार के दौरान इस दिशा में कोई ठोस कार्य नहीं हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश तथा श्री शर्मा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रयासों से यह ऐतिहासिक एमओयू हस्ताक्षरित हुआ है।

उन्होंने बताया कि अब डीपीआर पर भी सहमति बन चुकी है और यमुना का सरप्लस पानी राजस्थान को मिल सकेगा, जो राज्य के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने संशोधित पीकेसी-ईआरसीपी (रामजल सेतु लिंक परियोजना) पर जानकारी देते हुए कहा कि राजस्थान और मध्यप्रदेश के बीच एमओयू हो चुका है तथा डीपीआर मंत्रालय को प्राप्त हो गई है, जिस पर कार्य प्रगति पर है। इस परियोजना पर लगभग 77 हजार करोड़ से लेकर एक लाख करोड़ रुपये तक का निवेश प्रस्तावित है और शीघ्र ही इसका कार्य प्रारंभ होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित