जयपुर , फरवरी 07 -- केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री सी आर पाटिल ने विश्वास जताते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रयासों से आने वाले समय में जल उपलब्धता की दृष्टि से राजस्थान अग्रणी राज्य होगा और अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौते से प्रदेश के व्यापारियों को दोगुना फायदा होगा।

श्री पाटिल शनिवार को यहां केन्द्रीय बजट 2026-27 पर व्यापारी एवं व्यवसायी संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जल की भरपूर उपलब्धता होने से उद्योगों में भी विस्तार होगा। उन्होंने कहा कि श्री शर्मा के प्रयासों से राजस्थान जल आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। इनके प्रयासों से पार्वती-कालीसिंध-चंबल (पीकेसी)-ईआरसीपी (संशोधित) का मार्ग प्रशस्त हुआ है और इसके लिए 77 हजार करोड़ रुपये से अधिक के बजट का प्रावधान है। इसी तरह राजस्थान का हरियाणा के साथ यमुना जल समझौता हुआ, जिसके तहत 90 किलोमीटर दूर से तीन पाइपलाइन के माध्यम से पानी राजस्थान लाया जाएगा। हरियाणा मुख्यमंत्री ने इसके लिए सहमति भी दे दी है तथा डीपीआर भी तैयार हो गई है।

श्री पाटिल ने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में मजबूत अर्थव्यवस्था होने से लोगों की आय में वृद्धि हुई है और इसी के मद्देनजर आमजन को आयकर की सीमा में राहत दी है। उन्होंने कहा कि उद्योग के साथ ही अर्थव्यवस्था में कृषि का भी बड़ा योगदान होता है और हमारी सरकार ने किसानों को हर तरीके से मदद दी है। देश में पहली बार किसानों को किसान सम्मान निधि मिल रही है। इस केन्द्रीय बजट में भी आम आदमी की आवश्यकताओं के साथ ही हर वर्ग का ध्यान रखा गया है।

उन्होंने कहा कि श्री मोदी के जल संचय-जन भागीदारी-जन आंदोलन के आह्वान पर कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान के तहत अब तक चार लाख 15 हजार जल संरचनाओं का निर्माण हो चुका है। इसके माध्यम से राजस्थान में भी प्रवासी भाई-बहनों के जरिए जल संरक्षण के कार्य किए जा रहे हैं।

श्री शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 के बाद देश में अभूतपूर्व बदलाव हुए हैं। प्रधानमंत्री की नीतियों से ही देश की अर्थव्यवस्था 11वें से चौथे स्थान पर पहुंची है और जल्द ही हम विश्व की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनेंगे। ब्रिटेन एवं जापान जैसे देशों को भी हम पीछे छोड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जरूरतमंद को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है, नक्सलवाद-आतंकवाद का खात्मा हुआ है तथा विश्वपटल पर भारत का डंका बज रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार ने युवाओं के सपनों के साथ कुठाराघात किया तथा जमकर भ्रष्टाचार किया जबकि भाजपा सरकार प्रदेश के युवाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ नौकरी दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने केवल दो वर्ष के ही अपने कार्यकाल में पिछली कांग्रेस सरकार के पांच साल के कार्यों से कहीं अधिक कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्र के बजट में हर व्यक्ति का ध्यान रखा गया है। अब कुछ दिन बाद प्रस्तुत होने वाले राज्य बजट में भी व्यापारी वर्ग सहित हर वर्ग का ध्यान रखा जाएगा।

श्री शर्मा ने कहा कि व्यापारी अपने लिए नहीं, राष्ट्र के लिए काम करता है। श्री शर्मा ने सभी व्यापारियों से आह्वान किया कि केन्द्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाए तथा प्रत्येक जरूरतमंद को लाभान्वित करने में सहयोग करें। इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, सांसद मंजू शर्मा सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित