जयपुर , मार्च 28 -- राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर ग्रामीण क्षेत्र में खराब सड़कों के मरम्मत कार्य शनिवार से प्रारम्भ कर दिए गए हैं।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा प्रथम दिन सैकड़ों ग्रामीण क्षेत्रों में मरम्मत कार्य किए गए हैं। आमजन को राहत प्रदान करते हुए बाड़मेर, जालोर, डीग, जैसलमेर, अलवर, डूंगरपुर, कोटपूतली, हनुमानगढ़, जोधपुर, भीलवाड़ा, उदयपुर इत्यादि जिलों में सिंचाई लाइनों एवं पेयजल लाइनों के कारण हुई रोड कटिंग की मरम्मत की गई है।

इसकी प्रभावी निगरानी के लिए जिला कलक्टर, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, अतिरिक्त जिला कलक्टर, उपखण्ड अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी एवं संबंधित तकनीकी अधिकारियों को निर्देषित किया गया है।

उल्लेखनीय है कि श्री शर्मा के निर्देश पर शहरी क्षेत्रों में भी यूटिलिटी लाइनों के कार्य से प्रभावित सड़कों को पुनः सुचारू एवं मोटरेबल स्थिति में लाने के लिए मरम्मत कार्य किए गए हैं। इसी को आगे बढ़ाते हुए अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी सड़कों की मरम्मत का कार्य शुरू किया गया है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सुगम एवं सुलभ आवागमन मिलने के साथ ही सड़क हादसों में भी कमी आएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित