बारां , नवंबर 06 -- राजस्थान में बारां जिले के अंता विधानसभा उप चुनाव में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पूरी ताकत झोंक दी, इसके कारण मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने रोड शो किया।

इससे पहले श्री शर्मा दोपहर में भाजपा प्रत्याशी मोरपाल सुमन के समर्थन में बारां के मांगरोल पहुंचे। यहां उन्होंने भारी जनसमुदाय के बीच रोड शो किया। उनके साथ एक विशेष रथ पर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद्र बैरवा, चुनाव प्रभारी जोगाराम पटेल, सांसद दुष्यंत सिंह, विधायक राधेश्याम बैरवा, ललित मीणा, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिकरवार और भाजपा प्रत्याशी मोरपाल सुमन सवार थे।

अंता में श्री शर्मा के रोड़ शो को पार्टी ने विजय संकल्प यात्रा का रूप दिया था, जिसमें बड़ी संख्या में जनसैलाब उमड़ा, जिसमें महिलाएं, युवा, कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल थे। करीब ढाई किलोमीटर के लंबे रोड शो के तहत विजय संकल्प यात्रा सुभाष चौक से सुभाष चंद्र की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद शुरू हुई, जो सीसवाली तिराहे पर समाप्त हुई। इस यात्रा में संगठन की एकजुटता दिखाने का भी प्रयास किया गया।

रोड शो को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। मांगरोल कस्बे के चप्पे चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया था। रोड शो के दौरान लोगों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा करके स्वागत किया। रोड शो मार्ग पर 51 से अधिक स्वागत द्वार लगाये गये थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित