जयपुर , मार्च 30 -- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सहित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कई नेताओं ने भाजपा राजस्थान की कार्यसमिति सदस्य एवं पूर्व प्रदेश मंत्री सरोज प्रजापत के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया है।
श्री शर्मा ने कहा कि श्रीमती प्रजापत के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। उन्होंने कहा कि संगठन के प्रति उनका समर्पण और सेवाभाव सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति और शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
श्री देवनानी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने एवं परिवारजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
श्रीमती राजे ने कहा कि श्रीमती प्रजापत के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। संगठन को सशक्त बनाने में उनका योगदान सदैव याद रहेगा। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करें।
इसी तरह भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने श्रीमती प्रजापत के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि उनके निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उनका जाना संगठन के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपने जीवन को सदैव जनसेवा, संगठन और सामाजिक मूल्यों के लिए समर्पित किया।
श्री राठौड़ ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोकाकुल परिवारजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने भी श्रीमती प्रजापत के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया और कहा कि उनके निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। उन्होंने कहा कि संगठन एवं समाज के प्रति उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित