खमाम , फरवरी 15 -- तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क ने महाशिवरात्रि के अवसर पर रविवार को कहा कि उन्होंने भगवान शिव से प्रार्थना की है कि तेलंगाना 2047 तक तीन लाख करोड़ डॉलर की अर्थव्यस्था बन जाए।
श्री विक्रमार्क अपनी पत्नी के साथ यहां वैरा मंडल के स्नानल लक्ष्मीपुरम गांव के श्री पार्वती समेत रामलिंगेश्वर स्वामी मंदिर गये थे। यहां उन्होंने महाशिवरात्रि के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने पूजा के बाद संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने राज्य की आय के स्रोतों में वृद्धि के लिए और हर परिवार की आय एवं जीवन स्तर में सुधार की प्रार्थना की है।
उन्होंने तेलंगाना के लोगों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य न सिर्फ राज्य की आय बढ़ाना है, बल्कि हर परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार करना भी है। श्री विक्रमार्क ने कहा कि उन्होंने राज्य को प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षित रखने के लिए भी प्रार्थना की।
उन्होंने स्नानल लक्ष्मीपुर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की अटूट आस्था की तारीफ की। इस मंदिर से जुड़ी मान्यता है कि रामलिंगेश्वर स्वामी मंदिर में प्रार्थना करने और नदी में डुबकी लगाने से श्रद्धालुओं की मन्नत पूरी हो जाती है। उन्होंने कहा कि सरकार ने महाशिवरात्रि के दौरान राज्य भर में शिव मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं के लिए इंतजाम किये हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित