बारां , अप्रैल 19 -- राजस्थान में बारां शहर में भगवान परशुराम के प्राकट्य दिवस पर रविवार को श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार इस दौरान शोभायात्रा, धार्मिक आयोजन, भजन संध्याएं और सामूहिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर शहर में ब्राह्मण समाज द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें समाज का जनसैलाब उमड़ पड़ा। शोभायात्रा शाम पांच बजे बाद श्रीराम स्टेडियम से आरंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों चारमूर्ति चौराहा, प्रताप चौक, धर्मादा चौराहा, सदर बाजार, चौमुखा बाजार और श्रीजी चौक से होते हुए इंद्रा मार्केट पहुंची।

यात्रा का समापन पुनः प्रताप चौक पर हुआ, जहां भगवान परशुराम की आरती की गई। इसके बाद आर्य समाज परिसर में भजन संध्या का आयोजन हुआ और स्नेह भोज के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

कार्यक्रम संयोजक संजीव भारद्वाज और सहसंयोजक आशीष शर्मा ने बताया कि शोभायात्रा में भगवान परशुराम सहित छह से अधिक आकर्षक झांकियां सजाई गईं, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। महाआरती के बाद आतिशबाजी कर उत्सव को और भव्य बनाया गया।

शोभायात्रा में मातृशक्ति, युवा वर्ग और समाज के गणमान्य नागरिक पारंपरिक वेशभूषा में कतारबद्ध होकर शामिल हुए। पूरे मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा करके यात्रा का स्वागत किया गया और विभिन्न संगठनों ने जलपान की व्यवस्थाएं कीं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा में शामिल होकर भगवान परशुराम के प्रति आस्था प्रकट की।

पुलिस, प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित