चंडीगढ़ , मार्च 05 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने गुरुवार को भगवंत मान सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहाकि आम आदमी पार्टी की सरकार लगातार कर्ज पर कर्ज लेकर पंजाब को गंभीर वित्तीय संकट की ओर धकेल रही है।
श्री चुघ ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में पंजाब का कर्ज तेजी से बढ़कर चार लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। उन्होंने रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि बजट से ठीक पहले सरकार फिर से एक भारी कर्ज लेने की तैयारी में है, जिससे राज्य का कुल कर्ज पांच लाख करोड़ के पार जा सकता है।
उन्होंने सवाल उठाया कि इतना भारी कर्ज लेने के बावजूद जमीन पर कोई विकास नजर नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब में न तो कोई नया बड़ाबांध बना है, न ही कोई बड़ा पुल या औद्योगिक इकाइयां स्थापित हुई हैं।
कृषि क्षेत्र में भी कोई सार्थक बदलाव नहीं आया है। ये कर्ज विकास के लिए नहीं, बल्कि भगवंत मान सरकार की विफलताओं को छिपाने के लिए लिया जारहा है। पंजाब का पैसा विकास के बजाय विज्ञापनों और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल के राजनीतिक दौरों पर खर्च किया जा रहा है।
श्री चुघ ने कहा कि 2022 के चुनावों में श्री केजरीवाल ने वादा किया था कि अवैध खनन पर लगाम लगाकर सालाना 20,000 करोड़ रुपये का राजस्व पैदा किया जाएगा, लेकिन हकीकत यह है कि पिछले चार वर्षों में पंजाब को खनन से केवल 800 करोड़ रुपये के करीब राजस्व मिला है, जो वादे से 100 गुनाकम है। उन्होंने खनन विभाग में भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए कहा कि अब आरोप बाहर से नहीं, बल्कि सत्ता पक्ष के भीतर से लग रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित