पटना , दिसंबर 18 -- बिहार में गुरुवार की सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता घटकर करीब 20 मीटर रह गई और राजधानी पटना समेत कई जिलों में कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित दिखा।
धूप नहीं निकलने से ठंड का असर बढ़ गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के कई जिलों में घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, वैशाली, पटना, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, गया, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, जमुई, बांका, भागलपुर, मुंगेर, बेगूसराय, खगड़िया, दरभंगा और मधुबनी जिलों के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाये रहने की प्रबल संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। खासकर यात्रा करने वालों को वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो चुका है, जिसके चलते उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ रही है। तेज पछुआ हवा के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। नमी और ठंडी हवा के मेल से कोहरे की तीव्रता बढ़ी है। विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटे बाद ठंड और तेज होगी। 22 दिसंबर के बाद बिहार में कोल्ड वेव जैसी स्थिति बनने की संभावना है, जिससे दिन का तापमान भी सामान्य से नीचे जा सकता है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान बिहार का मौसम शुष्क बना रहा। इस अवधि में राज्य का अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस फॉरबिसगंज (अररिया) में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस सबौर (भागलपुर) में रहा। कुल मिलाकर तापमान में खास बदलाव नहीं देखा गया है, लेकिन आने वाले दिनों में ठंड के और बढ़ने के आसार हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित