पटना , अप्रैल 24 -- बिहार लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को दरभंगा, मोतीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, वैशाली एवं ढाका प्रमंडलों की जलापूर्ति योजनाओं की प्रगति एवं संचालन से संबंधित विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान सचिव श्री पाल ने विभिन्न बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऑपरेटरों के भुगतान में किसी प्रकार की विलंब न हो तथा इसे प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, छूटे हुए टोलों का सर्वे कर शीघ्र प्राकलन तैयार कर मुख्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये।
सचिव श्री पाल ने निर्देश दिया कि बायोमेट्रिक आधारित उपस्थिति क्षेत्रीय पदाधिकारियों की सुनिश्चित की जाएगी, जिसकी निगरानी मुख्यालय स्तर से की जाएगी, जिससे कार्यों में जवाबदेही एवं अनुशासन बना रहे।
आपदा से संबंधित तैयारियों के लिए जिलाधिकारी, मुख्यालय एवं क्षेत्रीय स्तर के पदाधिकारी व्हाट्सएप के माध्यम से सक्रिय रहेंगे। आपदा की स्थिति उत्पन्न होने पर सचिव स्तर से स्वयं निगरानी करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, क्षेत्रीय पदाधिकारियों को निर्देश दिये गये कि संचालित योजनाओं के अंतर्गत यदि कहीं पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होती है, तो वर्तमान संवेदक से ही त्वरित मरम्मति कार्य कराया जाए, जिससे जलापूर्ति बाधित न हो।
सचिव श्री पाल ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी संचालन, गुणवत्ता युक्त अनुरक्षण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया, जिससे आमजन को निर्बाध पेयजल आपूर्ति उपलब्ध हो सके।
बैठक में विभाग के वरीय पदाधिकारी एवं संबंधित प्रमंडलों के अभियंता उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित